खड़गपुर, 12 अक्टूबर।
गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के साथ मध्य प्रदेश के किसान दौलत सिंह कुर्मी ने देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम की पैदल यात्रा शुरू की है। करीब 77 दिनों से लगातार यात्रा कर रहे दौलत सिंह सोमवार को ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ धाम की ओर जाते हुए पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से नारायणगढ़ की दिशा में आगे बढ़े। उनकी यात्रा को देखकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता नजर आई। दौलत सिंह का कहना है कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ उन्होंने यह लंबा सफर शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने लगभग दो साल में यात्रा पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पेशे से किसान दौलत सिंह के गांव में खेती की जमीन है और उनका जीवन खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद उन्होंने अपने उद्देश्य को पूरा करने के लिए पैदल देश भ्रमण का कठिन रास्ता चुना है। उनकी यात्रा में 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम के दर्शन के साथ पुरी के जगन्नाथ धाम पहुंचना भी शामिल है। लंबी दूरी तय करते हुए अपने संकल्प की ओर बढ़ रहे दौलत सिंह के प्रयास को स्थानीय लोगों ने सराहा। उनकी यात्रा गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर जन-जागरूकता का प्रयास भी है।














