नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मेट्रो के छह प्रमुख स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था के तहत पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंबा रोड मेट्रो स्टेशन प्रभावित रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना इस व्यवस्था को ध्यान में रखकर बनाएं, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।निर्धारित अवधि में इन छह स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वारों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। सुरक्षा एजेंसियां इस दौरान स्थिति की समीक्षा करेंगी। हालांकि, इन सभी स्टेशनों पर मेट्रो की इंटरचेंज सुविधा चालू रहेगी, जिससे यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन में बदलाव कर सकेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन तक पहुंचने और आगे की यात्रा के लिए समय का ध्यान रखें तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।














