नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। आधी रात के बाद तेज आंधी और भारी बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद अगले छह दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश नहीं होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्यतः 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री तथा न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 17 अक्टूबर को भी अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तथा न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।














