कोरबा, 12 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के राकसिपारा डगनिया गांव में सोमवार सुबह एक नर्सरी में 24 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। घर से करीब 100 मीटर दूर शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मोहन पटेल के बेटे जय कुमार पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह करीब सात बजे खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने नर्सरी में शव देखा और पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंची बांकीमोंगरा पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
परिजनों ने बताया कि जय कुमार अविवाहित था और मजदूरी करके परिवार की आर्थिक मदद करता था। वह माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहता था। वह कम लोगों से मेलजोल रखता था और पिछले कुछ दिनों से काम पर भी नहीं जा रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक के लापता होने और शव मिलने के संबंध में परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














