अररिया, 12 अक्टूबर।
बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में एसटीएफ टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने 29 नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और पांच खाली कारतूस बरामद हुए हैं। घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।
एसटीएफ के उपनिरीक्षक अमितेश कुमार भारद्वाज के बयान पर विभिन्न गंभीर धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार, मालदा से एक किलो स्मैक आने की सूचना पर टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के टोल प्लाजा के पास एक कार से अनिल साह और दयानंद साह को पकड़ा था। पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली।
इसके बाद पलार के पास मौजूद एसटीएफ टीम के सामने खैरा चंदा की मुखिया के पति मो. उमर फारुख पहुंचे और गिरफ्तारी को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने भीड़ बुलाकर हमला करवाया। लाठी-डंडों, लोहे की छड़ों और पत्थरों से किए गए हमले में पुलिसकर्मी घायल हुए, वाहन क्षतिग्रस्त हुए और एक पुलिसकर्मी का मोबाइल छीन लिया गया। भीड़ अनिल साह को भी अपने साथ ले गई। प्राथमिकी में आरोपितों पर हथियार छीनने का प्रयास करने का आरोप भी है।
पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि फारबिसगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी जांच कर रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और अज्ञात लोगों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।














