भागलपुर, 12 अक्टूबर।
बिहार के भागलपुर में आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित ब्लिंकिट कार्यालय के डिलीवरी राइडर्स ने कमीशन में लगातार हो रही कटौती के विरोध में सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इसके कारण शहर में कंपनी की ऑनलाइन डिलीवरी सेवाएं ठप हो गई हैं। ग्राहकों के ऑर्डर रद्द होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना है कि पिछले छह महीनों में उनकी कमाई घटती गई है। पहले शुरुआती तीन किलोमीटर की डिलीवरी के लिए 35 से 36 रुपये मिलते थे, लेकिन अब यह राशि घटाकर 24 से 25 रुपये कर दी गई है। उनका कहना है कि रोजाना 16 घंटे तक काम करने के बाद भी 700 से 800 रुपये ही मिल पाते हैं। पेट्रोल और वाहन के रखरखाव का खर्च निकालने के बाद परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।
डिलीवरी राइडर्स ने कंपनी के निर्धारित मानकों के अनुसार मजदूरी और कमीशन बढ़ाने की मांग की है। सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं, टीम लीडर शंभू शंकर ने बताया कि सेवाएं प्रभावित हुई हैं और स्थानीय प्रबंधन केंद्रीय कार्यालय से निर्देश मिलने की प्रतीक्षा कर रहा है। फिलहाल राइडर्स कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।














