ढाका, 13 अक्टूबर।
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के प्रमुख त्योहार शारदीय नवरात्रि के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के करीब 10 हजार जवान तैनात किए जाएंगे। यह तैनाती 16 से 22 अक्टूबर तक रहेगी। बीजीबी मुख्यालय में लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद महबूब मुर्शिद रहमान ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पूजा आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। बीजीबी के जवान सीमा क्षेत्र और बटालियन मुख्यालयों के नजदीक स्थित 2,727 पूजा पंडालों की सुरक्षा संभालेंगे। त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इसके तहत जवान नियमित गश्त करेंगे और खुफिया एजेंसियां पंडालों पर नजर रखेंगी। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पूजा समितियों के साथ भी तालमेल बनाया गया है।
लेफ्टिनेंट कर्नल रहमान ने कहा कि संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने, अफवाहों और सांप्रदायिक उकसावे वाली गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने को प्राथमिकता दी गई है।
बीजीबी 2,727 पूजा पंडालों को सुरक्षा सहायता देगा। इनमें सीमा से आठ किलोमीटर के दायरे में आने वाले और बटालियन मुख्यालयों के पास स्थित पंडाल शामिल हैं। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रणनीतिक स्थानों पर अस्थायी सुरक्षा शिविर भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ढाका में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। इस संबंध में सरकार से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। लेफ्टिनेंट कर्नल रहमान ने दुर्गा पूजा को बांग्लादेश में सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी सम्मान की पुरानी परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बीजीबी हिंदू समुदाय के लोगों को सुरक्षित माहौल में खुशी के साथ त्योहार मनाने का अवसर सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।













