ढाका (बांग्लादेश), 13 अक्टूबर।
बांग्लादेश में हिंदू धर्मावलंबियों के सबसे बड़े धार्मिक उत्सव दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के लगभग 10,000 जवानों की तैनाती की जाएगी। यह विशेष सुरक्षा ढांचा 16 से 22 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। बीजीबी मुख्यालय के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों तथा बटालियन मुख्यालयों के समीप स्थित कुल 2,727 पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा बीजीबी संभालेगी। इस आयोजन को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस, स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, जबकि संवेदनशील व दुर्गम क्षेत्रों में अस्थायी सुरक्षा शिविर भी स्थापित किए जा रहे हैं।
खुफिया तंत्र की मदद से पंडालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। राजधानी ढाका में जवानों की तैनाती का निर्णय सरकारी दिशा-निर्देशों के आधार पर लिया जाएगा। सैन्य अधिकारियों ने दुर्गा पूजा को आपसी सम्मान और सांप्रदायिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा का प्रतीक बताते हुए दोहराया कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बिना किसी डर के उल्लासपूर्वक अपना त्योहार मना सकें, इसके लिए बीजीबी पूरी तरह मुस्तैद है।













