पुंछ, 13 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले अंतर्गत लोरान इलाके में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि अचानक भीषण आग लग जाने से तीन रिहायशी मकान और छह व्यावसायिक दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे स्थानीय लोगों का करोड़ों रुपये का संपत्ति नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही लोरान के थाना प्रभारी (एसएचओ) यूनिस खान के नेतृत्व में पुलिस बल ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर लपटों पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि, आग की विकरालता इतनी अधिक थी कि देखते ही देखते छह दुकानें और तीन मकान पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गए।
पुलिसकर्मियों और स्थानीय निवासियों की मुस्तैदी से मकानों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया तथा आसपास मौजूद 10 से अधिक अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। एसएचओ यूनिस खान ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, इस दर्दनाक घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए स्थानीय नागरिकों ने अग्निशमन विभाग के देर से पहुंचने पर गहरा रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि दमकल की गाड़ी 15 किलोमीटर दूर से आई थी; यदि लोरान में ही अग्निशमन वाहन तैनात होता तो इस बड़े नुकसान से बचा जा सकता था।













