जोधपुर, 13 अक्टूबर।
भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित 'तरंग शक्ति' युद्धअभ्यास के दौरान स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस से अपने करियर की अंतिम फाइटर उड़ान भरी। इस महीने की 31 तारीख को सेवानिवृत्त हो रहे वायु सेना प्रमुख ने मित्र देशों के विमानों और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के साथ 'पावर इन पार्टनरशिप' थीम के तहत गगन में अपनी इस विदाई उड़ान को अंजाम दिया। 5,000 से अधिक उड़ान घंटों का विशाल अनुभव रखने वाले एयर चीफ मार्शल की यह आखिरी उड़ान स्वदेशी तकनीक और देश के प्रति उनके अटूट समर्पण एवं जुनून को प्रदर्शित करती है।
इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास में ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, अमेरिका, यूएई, ग्रीस, बांग्लादेश और श्रीलंका सहित आठ मित्र देशों ने अपने हवाई संपत्ति और लड़ाकू विमान भेजे हैं, जबकि 32 अन्य देश पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए हैं। लगभग दो वर्षों तक वायु सेना का कुशल नेतृत्व करने के बाद एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को अपना पदभार वर्तमान उप-प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को सौंपेंगे। उन्होंने भारत में निर्मित तेजस पर अपना भरोसा जताते हुए इसके साथ अपनी आखिरी फाइटर उड़ान भरी, जो उनके शानदार और प्रेरणास्पद फ्लाइंग करियर का एक अत्यंत यादगार पल बन गया।














