लखनऊ, 14 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के चर्चित पशुपालन भर्ती घोटाले में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पूर्व आईएएस अधिकारी योगेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 1980 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार को ईओडब्ल्यू की टीम ने लखनऊ के गोमती नगर इलाके से हिरासत में लिया। ईओडब्ल्यू के महानिदेशक जेएन सिंह के अनुसार, वर्ष 2014 में तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान राज्य के 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारियों के 1198 पदों पर सीधी भर्ती आयोजित की गई थी, जिसमें बड़े पैमाने पर धांधली और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए थे।
प्रकरण की जांच के दौरान तत्कालीन प्रमुख सचिव पशुपालन योगेश कुमार की भूमिका और गड़बड़ी में संलिप्तता के पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है। उल्लेखनीय है कि इस कथित भर्ती घोटाले के समय राजकिशोर सिंह प्रदेश के पशुधन मंत्री थे, जिनके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी से जुड़ी फाइल फिलहाल शासन स्तर पर विचाराधीन है। घोटाले की जांच कर रही ईओडब्ल्यू अब पूर्व प्रमुख सचिव से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य कड़ियों और भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क का पता लगाने की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।














