कोलकाता, 14 अक्टूबर।
कमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय से बिलबोर्ड हटाने के मामले में शेक्सपियर सरणी थाने में दर्ज एफआईआर के तहत तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी बुधवार सुबह 11 बजे पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए। दरअसल, 27 अगस्त को कमैक स्ट्रीट कार्यालय पर पार्टी के चुनाव चिह्न वाला बोर्ड हटाने को लेकर पुलिस तथा तृणमूल समर्थकों के बीच काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद नगर निगम और प्रशासन ने इसे सुरक्षा के लिए खतरा और अवैध बताया था। इस सिलसिले में पूछताछ के लिए पुलिस ने पूर्व में भी समन भेजा था, परंतु मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्षी गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने के कारण वह सोमवार की तारीख पर हाजिर नहीं हो सके थे।
अभिषेक बनर्जी द्वारा ईमेल के जरिए 48 घंटे का समय मांगे जाने के बाद पुलिस ने उनके कालीघाट स्थित आवास पर जाकर बुधवार को हाजिर होने का नया समन जारी किया था। इसके पूर्व एक सितंबर को भी इस विवाद के संबंध में उनसे पूछताछ की जा चुकी है। तृणमूल समर्थकों द्वारा हटाए गए बिलबोर्ड के स्थान पर पुनः वैसा ही बैनर लगा दिए जाने से उभरे इस विवाद के तहत कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए शेक्सपियर सरणी थाना पुलिस ने पुनः नोटिस थमाकर सांसद को पूछताछ के लिए तलब किया था।














