सारण, 14 अक्टूबर।
छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने छपरा शहर के विभिन्न महाविद्यालयों और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा अपेक्षाओं पर चर्चा की।
अभियान के तहत विधायक ने सारण एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, लक्ष्मी नारायण ब्राह्मण उच्च माध्यमिक विद्यालय और विश्वेश्वर सेमिनरी सह इंटर कॉलेज का दौरा किया। यहां उन्होंने शिक्षक समुदाय से संवाद कर चुनाव में समर्थन मांगा।
विधायक छोटी कुमारी ने शिक्षकों से ई. आनंद पुष्कर को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की बुनियाद हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह, जिला महामंत्री विवेक सिंह, धर्मेंद्र कुमार साह, राकेश कुमार साह, बलवंत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।














