रायपुर, 14 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बुधवार को दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों को बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क निर्माण पूरा होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। इससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में परिवहन से जुड़ी गतिविधियों का संचालन भी आसान होगा।
उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर में नागरिकों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सड़क निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।














