भुवनेश्वर, 14 अक्टूबर।
ओडिशा के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने नियंत्रण कक्ष बनाए हैं। चुनावी गतिविधियों की लगातार निगरानी भी की जा रही है। उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। लंबे समय बाद हो रहे छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देंगे। उन्होंने विभिन्न पदों के प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव से मिला अनुभव उन्हें भविष्य में समाज, राज्य और देश की जिम्मेदारियां निभाने में सहायक होगा।
सूर्यवंशी सूरज ने शैक्षणिक संस्थानों और विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने तथा चुनाव को हिंसामुक्त बनाए रखने की अपील की। उन्होंने मतदान के दौरान शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया।
राज्य में 15 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतगणना पूरी होने तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी। नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा।














