हिसार, 14 अक्टूबर।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर पिछले एक सप्ताह में विभिन्न उल्लंघनों के लिए कुल 4,201 चालान किए गए।
यातायात पुलिस की कार्रवाई में सबसे अधिक 815 चालान तेज गति से वाहन चलाने पर किए गए। इसके अलावा उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट नहीं होने पर 373, बिना नंबर प्लेट के 363 और तीन सवारी बैठाने पर 352 चालान काटे गए। शराब पीकर वाहन चलाने के 79, बिना वर्दी के 52, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 25 और काले शीशे लगाने के 23 मामलों में भी कार्रवाई हुई। तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न और पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले साइलेंसर सहित अन्य उल्लंघनों पर भी नियमों के अनुसार कदम उठाए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बुधवार को बताया कि प्रमुख सड़कों, चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं। प्रेशर हॉर्न और तेज आवाज वाले साइलेंसर से भी आम लोगों को परेशानी होती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।














