देहरादून, 15 अक्टूबर।
उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया और देहरादून समेत कई इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में कहीं-कहीं ओले गिरने, बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, अल्मोड़ा, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, 16 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत में बिजली चमकने तथा 40 से 50
किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। 17 से 19 अक्टूबर के लिए किसी विशेष मौसमी चेतावनी का उल्लेख नहीं किया गया है।मौसम में आए बदलाव को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों से कहा गया है कि वे कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, क्योंकि ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है। लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान घरों के भीतर रहने तथा खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और खुले स्थानों में खड़े वाहनों को सुरक्षित जगह पर रखने की भी अपील की गई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान सावधानी बरतने से संभावित नुकसान और दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।














