औरैया, 15 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की बिधूना तहसील के कुदरकोट गांव में आयोजित 126वें वार्षिक रामलीला महोत्सव में बुधवार रात धनुष भंग लीला का मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली के उद्योगपति नागेंद्र मिश्रा ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर और फीता काटकर किया। कलाकारों ने श्रीराम द्वारा भगवान शिव का धनुष तोड़ने के प्रसंग को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जैसे ही धनुष भंग की लीला पूरी हुई, पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मंचन का आनंद लिया।
धनुष भंग के बाद परशुराम और लक्ष्मण के बीच संवाद का मंचन हुआ। दोनों पात्रों के तीखे संवादों और कलाकारों की दमदार अदाकारी ने दर्शकों को आकर्षित किया। प्रभावशाली संवाद अदायगी पर पंडाल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। रामलीला के विभिन्न प्रसंगों से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। आयोजन के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम में विपिन बिहारी दीक्षित, अभिषेक मिश्रा, आशीष सविता, आशाराम तिवारी, सोनू कक्का, गुड्डू दीक्षित, पुईया शर्मा, चंदन तिवारी, तरुण, कौशलेंद्र और बलराज यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।














