ओडेंस, 15 अक्टूबर।
डेनमार्क ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय महिला युगल जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शानदार शुरुआत करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। बुधवार को एसजेएफ बैंक एरिना में खेले गए पहले दौर के मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने चीनी ताइपे की यान फेई चेन और ह्सिएह पेई शान को 38 मिनट में 22-20, 21-14 से हराया। पहले गेम में कड़ी टक्कर मिलने के बाद त्रीसा और गायत्री ने दूसरे गेम में बेहतर तालमेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। अब भारतीय जोड़ी की नजरें क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर होंगी। इसके लिए उन्हें इंडोनेशिया की रेचल अलेसिया रोज और फेबी सेतियानिंगरुम की चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
दूसरी ओर, महिला युगल में भारत की रुतुपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा को पहले दौर में हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। चीनी जोड़ी बाओ ली जिंग और काओ जि हान ने भारतीय खिलाड़ियों को लगातार दो गेमों में 21-14, 21-14 से शिकस्त दी। महिला एकल में भी भारत को निराशा मिली, जहां देविका सिहाग अंतिम-32 के मुकाबले में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के सामने टिक नहीं सकीं। पोर्नपावी ने यह मैच 21-13, 21-14 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस तरह त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जीत भारतीय अभियान के लिए दिन की प्रमुख उपलब्धि रही, जबकि रुतुपर्णा-श्वेतपर्णा और देविका सिहाग का सफर समाप्त हो गया।











