नई दिल्ली, 15 अक्टूबर।
पेरिस ओलंपिक 2024 में मैराथन का स्वर्ण पदक जीतने वाली नीदरलैंड की धाविका सिफान हसन ने बीमारी के कारण न्यूयॉर्क सिटी मैराथन से हटने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उनका प्रशिक्षण प्रभावित हुआ और वह प्रतियोगिता के लिए अपनी अपेक्षा के अनुरूप तैयारी नहीं कर पाईं। हसन ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि वह बेहतर तैयारी के साथ वापसी करना चाहती थीं, लेकिन बीमारी ने उनकी ट्रेनिंग की गति धीमी कर दी। उन्होंने स्वीकार किया कि फिलहाल वह उस स्तर पर नहीं हैं, जहां खुद को देखना चाहती थीं और कई बार परिस्थितियां योजना के अनुसार नहीं चलतीं। हसन ने पेरिस ओलंपिक में मैराथन का स्वर्ण जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। उनकी उपलब्धियों ने उन्हें लंबी दूरी की दौड़ की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल किया है।
हसन पिछले साल न्यूयॉर्क सिटी मैराथन में दौड़ी थीं और छहवें स्थान पर रही थीं। उस प्रतियोगिता के बाद से उन्होंने किसी अन्य स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है। इस साल अकिलीज टेंडन में चोट लगने के कारण उन्हें लंदन मैराथन से भी हटना पड़ा था। अब बीमारी के चलते न्यूयॉर्क की दौड़ से नाम वापस लेने के बाद उनकी अगली प्रतिस्पर्धी वापसी की तारीख तय नहीं है। न्यूयॉर्क सिटी मैराथन का आयोजन 1 नवंबर 2026 को होना निर्धारित है। हसन के हटने से प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी की उम्मीद लगाए बैठे प्रशंसकों को निराशा हुई है, जबकि उनकी वापसी अब फिटनेस और प्रशिक्षण में सुधार पर निर्भर करेगी।











