एक सदी से अधिक समय में सबसे कम बारिश
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी इंग्लैंड में अप्रैल से सितंबर तक की अवधि 100 साल से भी अधिक समय में सबसे शुष्क रही। वर्ष 2026 में ब्रिटेन ने अब तक की सबसे गर्म गर्मियों का सामना किया। बारिश की कमी ने सूखे की स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अक्टूबर में भी सामान्य से काफी कम बारिश होने के कारण जलाशयों और नदियों में पानी का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
पर्यावरण एजेंसी के प्रमुख फिल डफी ने कहा कि रिकॉर्ड गर्मी और गंभीर सूखे से जल संसाधनों पर भारी दबाव पड़ा है। सरकार ने जल कंपनियों को सूखे से निपटने की योजनाएं मजबूत करने, जलाशयों और नदियों के स्तर की रोजाना निगरानी करने तथा पानी की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी पानी का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने और खपत कम करने की अपील की गई है।
किसानों और अग्निशमन सेवाओं पर भी असर
सूखे का असर पेयजल आपूर्ति के अलावा कृषि, मछली पालन और अग्निशमन सेवाओं पर भी पड़ रहा है। जमीन और वनस्पति के सूखने से जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण गर्मी की लहरों और सूखे जैसी चरम मौसमी घटनाओं की तीव्रता बढ़ रही है।
सरकार ने अगस्त से राष्ट्रीय सूखा समूह की नियमित बैठकें शुरू की हैं। इनमें मौसम विभाग, जल कंपनियों, विशेषज्ञों और किसानों के प्रतिनिधियों के साथ स्थिति की समीक्षा की जा रही है।













