नई दिल्ली, 16 अक्टूबर।
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने का आदेश दिया गया है। यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की ओर से शुक्रवार को प्रस्तावित ‘तिरंगा लहराओ’ मार्च से पहले लिया गया है। इस आयोजन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों और प्रदर्शनकारियों से प्रतिबंधित सभाओं से दूर रहने की अपील की है। कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। पुलिस के अनुसार, निर्धारित स्थान पर सीमित संख्या में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने की व्यवस्था की जा सकती है।
प्रस्तावित मार्च के कारण शुक्रवार दोपहर तीन बजे से कनॉट प्लेस और आसपास की कुछ सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। यातायात पुलिस ने लोगों को इस संबंध में पहले ही सतर्क किया है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ एवेन्यू में तिरंगा मार्च निकाला। दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में हुए इस मार्च में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाग लिया। इस दौरान मौके पर पुलिस भी मौजूद रही।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार और पुलिस नागरिकों को यह निर्देश नहीं दे सकतीं कि वे किस स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं।
दूसरी ओर, पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े संगठन ने दावा किया कि दिल्ली, अहमदाबाद, पुणे और मुंबई में पुलिस ने पत्रकारों को हिरासत में लिया। संगठन के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय भी हुई, जब उच्चतम न्यायालय में सॉलिसिटर जनरल ने आश्वासन दिया था कि पत्रकारों और वकीलों के काम में बाधा नहीं डाली जाएगी।














