नई दिल्ली, 16 अक्टूबर।
एशियन पैरा खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की बेहतर तैयारी के लिए केंद्र सरकार ने व्यापक सहायता उपलब्ध कराई है। 112 पुरुषों और 56 महिलाओं सहित 168 सदस्यीय भारतीय दल को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने, देश में प्रशिक्षण, आवश्यक खेल उपकरण और विदेश में अभ्यास करने जैसी सुविधाएं दी गई हैं। टीम से आइची-नागोया में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
शुक्रवार को भारतीय पैरा बैडमिंटन और पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों के साथ पुरुष नेत्रहीन फुटबॉल टीम ने भी प्रतियोगिता में अपना अभियान शुरू किया। भारतीय दल में शामिल 47 खिलाड़ी लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना से जुड़े हैं, 33 खिलाड़ी खेलो इंडिया कार्यक्रम का हिस्सा हैं और 61 खिलाड़ी पहली बार एशियन पैरा खेलों में भाग ले रहे हैं।
खिलाड़ियों की तैयारियों के लिए वार्षिक प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता कैलेंडर और लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना के तहत आर्थिक सहायता दी गई है। वार्षिक कैलेंडर के अंतर्गत 80.22 करोड़ रुपये और लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना के तहत 18.34 करोड़ रुपये खर्च किए गए। कुल 11 खेलों के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग केंद्रों पर राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लगाए गए।
पैरा तीरंदाजी दल को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के लिए सितंबर और अक्टूबर के बीच जापान के कुरोबे आर्चरी सेंटर में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इससे खिलाड़ियों को विदेशी माहौल में अभ्यास करने और अपनी तैयारियों को बेहतर बनाने का अवसर मिला।
देश में भी विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। पैरा तीरंदाजों ने सोनीपत स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र में अभ्यास किया। पैरा तैराकों और पैरा पावरलिफ्टरों के लिए गांधीनगर के क्षेत्रीय केंद्र में शिविर लगाए गए। पैरा एथलीटों ने सितंबर से अक्टूबर के बीच नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सोनीपत और बेंगलुरु के प्रशिक्षण केंद्रों में अभ्यास किया।
पैरा निशानेबाजों के लिए डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में शिविर आयोजित किए गए। नेत्रहीन फुटबॉल खिलाड़ियों ने कोच्चि में प्रशिक्षण लिया। वहीं, अक्टूबर में लखनऊ स्थित भारतीय पैरा जूडो अकादमी में नेत्रहीन जूडो खिलाड़ियों के लिए अभ्यास शिविर लगाया गया। पैरा साइकिलिंग खिलाड़ियों ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित साइकिलिंग वेलोड्रोम में तैयारी की।
भारतीय दल में पैरा एथलेटिक्स, पैरा तीरंदाजी, पैरा बैडमिंटन, पैरा टेबल टेनिस, बोकिया, नेत्रहीन फुटबॉल, पैरा साइकिलिंग, नेत्रहीन जूडो, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा निशानेबाजी और पैरा तैराकी के खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 18 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसमें बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे। पदकों के लिए मुकाबले 19 से 24 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।











