जौनपुर, 17 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल मां शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर शनिवार को भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि के दर्शन के लिए तड़के से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। सुबह नौ बजे तक लगभग सात हजार भक्तों ने माता के दरबार में हाजिरी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खोले गए, जिसके बाद मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया। महंत विनय त्रिपाठी ने विधि-विधान से आरती और पूजन संपन्न कराया। मंदिर परिसर में दुर्गा सप्तशती के पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और माता के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। घंटियों की गूंज के बीच श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों से पहुंचे भक्तों ने माता को प्रसाद चढ़ाया और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार और कढ़ाही पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान भी कराए। दर्शन के बाद भक्तों ने माता के चरणों में शीश झुकाकर सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां कालरात्रि अपने भक्तों के भय और संकट दूर कर उन्हें निर्भयता प्रदान करती हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु चौकियां धाम पहुंचे और माता का आशीर्वाद लिया।














