प्रयागराज, 17 अक्टूबर।
दशहरे के अवसर पर प्रयागराज के मुट्ठीगंज चौराहे और उससे जुड़ने वाले चारों मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। 19, 20 और 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय रोशनी उत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए क्षेत्र की विभिन्न रोशनी समितियां पारंपरिक सजावट और आधुनिक डिजिटल लाइटिंग का अनूठा संगम प्रस्तुत करेंगी। इस बार चौराहे पर 50 फीट ऊंचा भव्य रोशनी द्वार भी बनाया जाएगा, जिस पर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रमुख धार्मिक प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। यह द्वार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने के साथ भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी प्रस्तुत करेगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई, जिसमें सजावट और व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
न्यू बाल संघ रोशनी कमेटी के अध्यक्ष उमेश चंद्र केसरवानी दादा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन को यादगार बनाने पर जोर दिया गया। रमेश चंद्र केसरवानी ने बताया कि मुट्ठीगंज चौराहे की दशहरे के दौरान विशेष पहचान है और हर साल यहां आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाती है। कमेटी के मंत्री राजेश केसरवानी के अनुसार, नवमी, दशमी और एकादशी के अवसर पर होने वाले इस आयोजन के लिए न्यू बाल संघ रोशनी कमेटी, सहयोग व्यापार मंडल रोशनी कमेटी, बाल संघ रोशनी कमेटी, मुट्ठीगंज रोशनी कमेटी और गोलघर व्यापार मंडल रोशनी कमेटी मिलकर काम कर रही हैं। सभी समितियां चौराहे और चारों मार्गों की सजावट को भव्य बनाने में जुटी हैं।














