भोपाल, 17 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर थम नहीं रहा है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सक्रिय दो चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से शनिवार को ग्वालियर, उज्जैन सहित 21 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभाग के कई जिलों में अगले चार दिनों तक मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है। शनिवार को ग्वालियर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, झाबुआ, धार, आलीराजपुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 18 और 19 अक्टूबर को नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली, सिवनी और बालाघाट में भी बारिश के आसार हैं। 20 अक्टूबर से मौसमी प्रणालियों के कमजोर पड़ने की संभावना है, जिससे तेज बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
इससे पहले गुरुवार को श्योपुर, भिंड, मुरैना, नीमच और मंदसौर में बारिश दर्ज की गई थी। शुक्रवार को भी इन क्षेत्रों में मौसमी गतिविधियां जारी रहीं। बारिश के बीच प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट आई है। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि छिंदवाड़ा में 17.4 डिग्री, इंदौर में 17.6 डिग्री, कटनी के करौंदी में 18 डिग्री और बैतूल में 18.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अक्टूबर में मौसम के बदलते रूप के बीच दिन में धूप और गर्मी के साथ रात में ठंडक महसूस की जा रही है। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में भी इस महीने बारिश, गर्मी और ठंड जैसी अलग-अलग मौसमी परिस्थितियां देखने को मिली हैं। इस बार भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है।














