शिमला, 17 अक्टूबर।
हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। शनिवार को लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलांग में पारा माइनस 0.7 डिग्री तक पहुंच गया। ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री रहा। राजधानी शिमला में भी रात के तापमान में तेज गिरावट आई और न्यूनतम पारा 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछली रात के मुकाबले 2.5 डिग्री कम है। बीते 24 घंटों में शिमला जिले के शिलारू में सबसे अधिक 18 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि रामपुर में 7 और कुफरी में 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मंडी के पंडोह और चंबा के जोत में भी 2-2 मिलीमीटर बारिश हुई। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के बाद ठंड और बढ़ गई है। शनिवार सुबह मौसम साफ होने से शिमला और मनाली सहित कई क्षेत्रों में धूप खिली रही। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटों में 0.2 डिग्री गिरा और सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे रहा।
प्रदेश के अन्य स्थानों में कल्पा का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री, कुफरी का 6.4 डिग्री, मनाली का 7.2 डिग्री, सोलन और भुंतर का 9.5 डिग्री तथा बैजनाथ का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जुब्बड़हट्टी और पालमपुर में पारा 11 डिग्री, चंबा में 11.6 डिग्री, भरमौर में 12 डिग्री, सुंदरनगर में 12.2 डिग्री, कांगड़ा में 13.1 डिग्री, मंडी में 13.2 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 14 डिग्री रहा। नाहन में 14.6 डिग्री, ऊना और बर्थिन में 14.7 डिग्री, बिलासपुर में 15.5 डिग्री, नेरी में 16.8 डिग्री और पांवटा साहिब में 21 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, हालांकि जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का प्रभाव अधिक बना रह सकता है।














