कठुआ, 17 अक्टूबर।
सरकारी डिग्री कॉलेज मढ़हीन में छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के मार्गदर्शन में महिला प्रकोष्ठ, सीएएसएच/शी-बॉक्स तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति ने मिलकर स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, योगाभ्यास और निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अनुपमा गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. नम्रता रैना (एमडी मेडिसिन) और डॉ. अंजलि कौशल ने छात्राओं को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने, शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने और मानसिक सेहत का ध्यान रखने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बीमारियों से बचाव के उपायों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने के महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम के योग सत्र में नियमित अभ्यास के जरिए तनाव कम करने, मानसिक शांति प्राप्त करने और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निःशुल्क चिकित्सा शिविर के दौरान छात्राओं को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। छात्राओं ने उत्साह के साथ गतिविधियों में हिस्सा लिया और स्वास्थ्य से जुड़े अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। आयोजन का समन्वय आईक्यूएसी संयोजक प्रो. अनूप शर्मा तथा महिला प्रकोष्ठ एवं स्वास्थ्य समिति की संयोजक डॉ. मुनीषा देवी ने किया। इस अवसर पर डॉ. अरुण देव सिंह, रोशन शर्मा, डॉ. शल्लू रानी, प्रो. मनु सैनी, डॉ. रीमी, प्रो. सुमन और प्रो. दीक्षा सहित कॉलेज के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।














