मुंबई, 17 अक्टूबर।
क्रिकेट और मनोरंजन जगत की हस्तियां अब एक ही मंच पर नजर आएंगी। सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (एसटीसीएल) की ट्रॉफी और जर्सी का अनावरण शुक्रवार को मुंबई में किया गया। इस आयोजन के साथ लीग की शुरुआत की तैयारियों को नई गति मिली है।
कार्यक्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा, अंतरराष्ट्रीय पहलवान और लीग के ब्रांड एंबेसडर संग्राम सिंह, पूर्व क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा और फिल्म निर्माता विनोद बच्चन सहित खेल एवं मनोरंजन जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।
लीग से कई अभिनेत्रियां और चर्चित हस्तियां अलग-अलग टीमों के मालिक के रूप में जुड़ी हैं। पंजाब की टीम से प्रब गेरेवाल, उत्तर प्रदेश से नीलम गिरि, मुंबई से अश्नूर कौर, दिल्ली से अलंकृता सहाय, तमिलनाडु से स्टेफी पटेल, राजस्थान से कशिका कपूर, हरियाणा से सना सुल्तान और गुजरात से दिलजोत जुड़ी हैं।
लीग कमिश्नर चेतन शर्मा ने कहा कि छोटे शहरों और गांवों में क्रिकेट की प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आर्थिक परेशानियों और पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। एसटीसीएल का उद्देश्य ऐसे खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है।
लीग के अध्यक्ष राजेश झा, उपाध्यक्ष रवि चिकार, निदेशक मुकेश सिंह और मार्गदर्शक अशोक मल्होत्रा भी इससे जुड़े हैं। आयोजकों के अनुसार, 16 वर्ष से अधिक उम्र के चयनित खिलाड़ियों को मुफ्त आवास, भोजन, परिवहन और मैच फीस जैसी सुविधाएं देने की योजना है। लीग के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक बाधाओं से राहत देकर आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा।











