भागलपुर, 17 अक्टूबर।
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को भागलपुर स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के जिला कार्यालय में गठबंधन के पांचों घटक दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर उम्मीदवार डॉ. एनके यादव को जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता योगेंद्र पांडे ने किया। गुप्ता ने कहा कि गठबंधन की एकता उसकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी सहयोगी दल डॉ. यादव के समर्थन में पूरी मजबूती से जुटे हैं। सांसद अजय मंडल ने कहा कि घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी विश्वास चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा विधायक रोहित पांडे ने कार्यकर्ताओं से अभियान तेज करने की अपील की। विधायक मुरारी पासवान ने बिहार में विकास, शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए सरकार के कार्यों का उल्लेख किया। जदयू नेता सुड्डू साईं ने शिक्षा के क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में इसे आगे बढ़ाने की बात कही।
पूर्व सांसद कहकशां परवीन और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह ने सभी दलों के बूथ स्तर पर सक्रिय होने की जानकारी दी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्षों ने भी एकजुटता जताई। इस अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश प्रवक्ता अंशु प्रिया मिश्रा, जदयू नेत्री शबाना दाऊद समेत सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














