नूंह, 17 अक्टूबर।
जिला न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से शनिवार को 115 नए चैंबरों का शिलान्यास किया गया। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और हरियाणा भवन समिति के अध्यक्ष हरसिमरन सिंह सेठी ने लॉयर्स चैंबर्स ब्लॉक-बी के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि सुविधाओं का विस्तार न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं नूंह सत्र मंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश हरप्रीत सिंह बराड़ भी उपस्थित रहे। नए ब्लॉक के निर्माण से अधिवक्ताओं को मुकदमों की फाइलें पढ़ने, कानूनी दस्तावेज तैयार करने और मुवक्किलों से चर्चा करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा।
न्यायिक परिसर के दोनों ब्लॉकों में 115-115 चैंबर होंगे। प्रत्येक में दो अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था के अनुसार कुल 230 चैंबरों में 460 अधिवक्ताओं को सुविधा मिल सकेगी। न्यायमूर्ति सेठी ने निर्माण समय पर पूरा करने, परिसर की चारदीवारी और अन्य सुविधाओं के विकास तथा नियमित रखरखाव पर जोर दिया।
उपायुक्त अखिल पिलानी की मौजूदगी में अधिकारियों को समन्वय से काम करने की बात कही गई। न्यायमूर्ति ने परिसर में जिम का उद्घाटन किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशील कुमार गर्ग, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।














