कोरबा, 17 अक्टूबर।
गर्भावस्था और बच्चे के जन्म के बाद मां तथा शिशु के पोषण की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहायता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के गुड़रुमुड़ा गांव की निवासी ज्योति कंवर के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ इसी दिशा में मददगार साबित हुआ।
ज्योति कंवर को गर्भावस्था के दौरान नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पंजीयन कराया और उन्हें पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने इस राशि का उपयोग बच्चे के पोषण आहार पर किया। साथ ही, इससे परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिली।
ज्योति बताती हैं कि बच्चे के जन्म के बाद उसके खानपान और देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है। योजना से मिली राशि ने उनकी आर्थिक चिंता कम की और बच्चे की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहारा दिया। उनके अनुसार, गर्भवती और शिशुवती महिलाओं के लिए यह योजना उपयोगी है, क्योंकि इससे मां और बच्चे की देखभाल के साथ शिशु के शारीरिक विकास के लिए जरूरी पोषण पर ध्यान देने में सहायता मिलती है।
योजना का लाभ मिलने पर ज्योति कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय मिली आर्थिक मदद से बच्चे के पोषण और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सहूलियत हुई।














