जांजगीर-चांपा, 17 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के मड़वा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र में इस बार दशहरा उत्सव को खास बनाने की तैयारी की जा रही है। यहां 65 फीट ऊंचा हाईटेक रावण तैयार किया जा रहा है, जिसमें आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल होगा।
संयंत्र के मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने शनिवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और आयोजन को आकर्षक तथा व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।
दशहरा समिति के अनुसार, रावण की आंखें इस तरह तैयार की जाएंगी कि वे दर्शकों को देखती हुई प्रतीत होंगी। उसके चेहरे के हाव-भाव सजीव नजर आएंगे और मुख से धुआं निकलने का विशेष दृश्य भी बनाया जा रहा है। इससे रावण का रूप अधिक प्रभावशाली दिखाई देगा।
इस बार रावण वध का दृश्य भी विशेष होगा। भगवान श्रीराम का तीर आकाश में उड़ते हुए रावण का वध करेगा। इसके साथ भव्य आतिशबाजी की जाएगी, जिसका संचालन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिमोट से होगा। भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी भी उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
आयोजन में मनोरंजन के साथ साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा। हाईटेक रावण के माध्यम से लोगों को डिजिटल अपराधों से सावधान रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।














