नई दिल्ली, 19 अक्टूबर।
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान बिकवाली हावी रही। कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई, लेकिन बैंकिंग शेयरों में कमजोरी आने से सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ लाल निशान में पहुंच गए। बीएसई का सेंसेक्स 120.03 अंक यानी 0.16 प्रतिशत चढ़कर 74,849.30 अंक पर खुला, जबकि एनएसई का निफ्टी 4.70 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 23,150.85 अंक पर पहुंचा। शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्स 74,169.23 अंक और निफ्टी 22,970.50 अंक के निचले स्तर तक फिसल गए। बाद में निचले स्तरों पर खरीदारी से दोनों सूचकांकों ने कुछ सुधार किया। सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 234.86 अंक यानी 0.31 प्रतिशत गिरकर 74,494.41 अंक पर और निफ्टी 84.15 अंक यानी 0.36 प्रतिशत टूटकर 23,062 अंक पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में तेजी से बाजार को कुछ सहारा मिला, लेकिन एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक में बिकवाली ने दबाव बढ़ाया। सुबह तक 2,530 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 818 बढ़त और 1,712 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 12 हरे और 18 लाल निशान में थे, जबकि निफ्टी के 50 शेयरों में 17 में तेजी और 33 में कमजोरी रही। प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक 1.81 प्रतिशत, रिलायंस 1.21 प्रतिशत, लार्सन एंड टुब्रो 0.97 प्रतिशत, टाइटन 0.89 प्रतिशत और पावर ग्रिड 0.76 प्रतिशत ऊपर रहे। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक 4.11 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.94 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.21 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.11 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक 0.78 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे थे। इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 413.66 अंक बढ़कर 74,729.27 और निफ्टी 148.80 अंक चढ़कर 23,146.15 अंक पर बंद हुआ था।














