मुंबई, 19 अक्टूबर।
अभिनेत्री यामी गौतम धर अभिनीत फिल्म 'नई नवेली' ने अपने ओपनिंग वीकेंड में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 16.26 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन कर लिया है। दशहरे के शुभ अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 4.60 करोड़ रुपये से शुरुआत की, जिसके बाद दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 5.70 करोड़ रुपये हो गई। तीसरे दिन फिल्म ने 5.96 करोड़ रुपये का वैश्विक ग्रॉस कारोबार दर्ज किया। त्योहार के माहौल में पारिवारिक दर्शकों की पहली पसंद बनी इस फिल्म को मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद से आगामी दिनों में भी इसकी कमाई में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी यह फिल्म रामायण की पौराणिक कल्पनाओं और अवस्थी परिवार की अनूठी कहानी को देसी फैंटेसी तथा हास्य के तड़के के साथ पर्दे पर उतारती है। आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा द्वारा निर्मित इस फिल्म की पटकथा हिमांशु शर्मा व दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार का है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो बैनर तले बनी इस फिल्म में यामी गौतम के अलावा आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।










