गंगटोक, 19 अक्टूबर।
सिक्किम की राजधानी स्थित लोक भवन में सोमवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में दुष्यंत कुमार गौतम ने राज्य के 21वें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए. मोहम्मद मुस्ताक ने उन्हें शपथ दिलाई, जबकि इससे पूर्व राज्य के मुख्य सचिव आर. तेलांग ने राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी नियुक्ति पत्र को पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, कई मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। नवनियुक्त राज्यपाल ने शपथ ग्रहण के पश्चात औपचारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री तमांग और उपस्थित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने नए राज्यपाल गौतम को शुभकामनाएं दीं और राज्य की सुख-समृद्धि एवं प्रगति के लिए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उल्लेखनीय है कि दुष्यंत कुमार गौतम रविवार को ही गंगटोक पहुंचे थे, जिसके बाद राज्य में नए राज्यपाल के कार्यकाल का औपचारिक शुभारंभ हुआ। वहीं, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को रविवार को भावभीनी विदाई दी गई, जिन्हें अब केरल के नए राज्यपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।














