मुंबई, 19 अक्टूबर।
अभिनेता सनी देओल की आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘सूर्या’ का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में वह एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो चिकित्सा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए न्याय की लड़ाई लड़ता है। एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल अपने दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। टीजर की शुरुआत एक ऐसे संवाद से होती है, जो डॉक्टरों पर मरीजों के भरोसे और उस भरोसे के टूटने से जुड़े सवाल उठाता है। कहानी में नायक को व्यवस्था से संघर्ष करने के साथ अपने अतीत और निजी जीवन से जुड़ी भावनात्मक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। फिल्म में एक्शन के साथ चिकित्सा व्यवस्था, विश्वास और न्याय जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।
दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट द्वारा निर्मित ‘सूर्या’ में सनी देओल के साथ प्रज्ञा जायसवाल, रवि किशन और टीनू आनंद भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो चिकित्सा व्यवस्था में मौजूद कथित खामियों के खिलाफ लड़ते हुए सच्चाई सामने लाने का प्रयास करता है। निर्देशन और कहानी के जरिए एक्शन के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। टीजर सामने आने के बाद अब दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है।










