दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए इंदौर में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सोमवार को समय-सीमा पत्रों और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नापतोल विभाग को भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा।
शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर कटेगा वेतन
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों की समीक्षा करते हुए आवेदकों को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चार प्रकरणों की जांच में लापरवाही सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर का पांच दिन, परदेशीपुरा अस्पताल के पीएचएम का सात दिन, शासकीय नवीन महाविद्यालय के प्राचार्य का तीन दिन और नगर निगम जोन-10 के वार्ड 39 के उपयंत्री का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
पटाखा दुकानों और गोदामों की होगी जांच
दीपावली के मद्देनजर कलेक्टर ने पटाखा दुकानों और गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने नियमित और सघन निरीक्षण के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि दुकान या गोदाम का संचालन केवल लाइसेंसधारी व्यक्ति ही कर सकेगा। किसी अन्य व्यक्ति के संचालन करते पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
अग्नि सुरक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई
संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। जहां जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं मिलेंगे, वहां संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शासकीय मंदिरों की स्थिति, रखरखाव और संचालन की भी समीक्षा की गई।
जल संरक्षण और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर
बैठक की शुरुआत में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक सुभाष चंद्र ने अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने जल और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देने तथा नागरिकों को जागरूक करने की जरूरत बताई। साथ ही महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों को उनके अधिकारों की जानकारी देने के लिए अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।














