ग्वालियर, 19 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें धैर्य रखने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक घायल को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराएगी। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे। डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली और गंभीर मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
मृतकों के स्वजन और घायलों को आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत, 42 घायल
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक श्रद्धालुओं को कुचलते हुए आगे बढ़ गया था। उस समय श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। हादसे में 15 लोगों की मौत हुई और 42 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल मरीजों की विशेष निगरानी की जा रही है।
सात दिन में मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अपर जिला मजिस्ट्रेट सीबी प्रसाद को सौंपी गई है। उन्हें सात दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में ट्रक के बेकाबू होने, प्रसाद की दुकानों को टक्कर मारने और मंदिर के मुख्य द्वार से टकराने सहित घटना के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई
दुर्घटना के बाद राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में भी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं।














