मुंबई, 19 अक्टूबर।
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से कोटा से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार, वारदात के बाद तीनों आरोपित सूरत पहुंचे और वहां से पुणे-जयपुर ट्रेन से आगे जा रहे थे। मुंबई पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को उनकी यात्रा की जानकारी मिली, जिसके बाद राजस्थान पुलिस से संपर्क किया गया और कोटा पुलिस के सहयोग से गिरफ्तारी की गई। मुंबई पुलिस अब आरोपितों को मुंबई लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, रविवार को जुहू के पुष्पा पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर सात राउंड गोलियां चलाई गई थीं। सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच में हमलावरों के करीब 45 मिनट तक इलाके में इंतजार करने की बात सामने आई है। बताया गया है कि पांच गोलियां निशाने से चूक गईं, जबकि दो गोलियों में से एक अभिनेता के ड्राइवर और दूसरी एक रिक्शा चालक को लगी। टाइगर श्रॉफ को मामूली खरोंचें आईं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों में से एक की पिस्तौल फंस गई थी, जिसके कारण उससे गोली नहीं चल सकी। जुहू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए 15 विशेष टीमें गठित की हैं। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल अंधेरी से बरामद कर जब्त कर ली गई है। वाहन पर मुंबई का पंजीकरण नंबर मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उसके रिकॉर्ड और रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी की जांच कर रही है। जांचकर्ता घटनास्थल से अंधेरी स्टेशन तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि आरोपितों की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। गिरफ्तार आरोपितों को मुंबई लाने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी और फायरिंग के पीछे की वजह सहित अन्य पहलुओं की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।














