सीआईएसएफ ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना का वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी। बल के अनुसार, दिल्ली मेट्रो रेल निगम के जामा मस्जिद स्टेशन पर सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक्स-रे बैगेज जांच प्रणाली में एक घनी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी।
सुरक्षा जांच के दौरान यात्री अचानक भागने लगा। मौके पर तैनात जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका पीछा किया और निकास द्वार के पास उसे पकड़ लिया। इसके बाद यात्री के सामान की गहन तलाशी ली गई।
जांच में उसके बैग के भीतर रखे अंतर्वस्त्र के सिले हुए हिस्से से अज्ञात अर्धठोस पदार्थ बरामद हुआ। यात्री ने खुद को मलेशिया के कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय बताया है।
सीआईएसएफ ने यात्री और उसके सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया है। बरामद पदार्थ की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
बल के अनुसार, जवानों की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के कारण यात्री को समय रहते पकड़ लिया गया। इस घटना ने व्यस्त मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान चौकसी के महत्व को सामने रखा है।














