गुवाहाटी, 21 अक्टूबर।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने ड्यूटी के दौरान प्राण गंवाने वाले 900 से अधिक पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन जवानों के बलिदान से राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और उग्रवाद तथा अपराध की घटनाओं में कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को दसवीं असम पुलिस बटालियन के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुरक्षा और सेवा में उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक माध्यम पर साझा संदेश में कहा कि असम की जनता की ओर से उन्होंने उन 900 से अधिक पुलिसकर्मियों को नमन किया, जिन्होंने आजादी के बाद अपनी मातृभूमि असम के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि इन जवानों की वीरता और सेवा राज्य की स्मृतियों में हमेशा बनी रहेगी।
डॉ. सरमा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के बलिदान के कारण आज असम में शांति कायम है। राज्य में उग्रवाद लगभग समाप्त हो चुका है और अपराध की घटनाओं में भी बड़ी कमी आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस शांति को बनाए रखने और इसकी रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असम पुलिस के जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।














