इस्लामाबाद, 21 अक्टूबर।
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद और एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर मंगलवार रात पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचे। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के औपचारिक आमंत्रण पर पहुंचे राष्ट्रपति मुइज्जू का इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ 21 तोपों की पारंपरिक सलामी दी गई। प्रधानमंत्री आवास पर बुधवार को उनके आधिकारिक स्वागत के बाद, वह राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात करेंगे, जो उनके सम्मान में एक विशेष राजकीय भोज का आयोजन भी करेंगे।
लगभग 11 वर्षों में मालदीव के किसी राष्ट्रपति की यह पहली पाकिस्तान यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने का अवसर लेकर आई है। अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान (20 से 22 अक्टूबर) राष्ट्रपति मुइज्जू व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आपसी सहयोग को गहरा करने पर व्यापक चर्चा करेंगे। इसके अलावा, इस यात्रा के अवसर पर 'पाकिस्तान-मालदीव बिजनेस फोरम' का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे दोनों राष्ट्रों के बीच आर्थिक और व्यावसायिक साझेदारियों के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।













