वाशिंगटन/तेहरान, 21 अक्टूबर।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया है कि ईरान के साथ शांति समझौता करना अत्यंत कठिन है और जब तक तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों पर हमले नहीं रोकता, तब तक उस पर निरंतर आर्थिक दबाव जारी रहेगा। इसके जवाब में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी है कि जब तक वाशिंगटन उनकी शर्तें नहीं मानता, तब तक यह सामरिक मार्ग बंद ही रखा जाएगा। साथ ही, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि वाशिंगटन ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देने के संकल्प के तहत आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सैन्य कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस तनावपूर्ण माहौल के बीच तेहरान ने लगभग 400 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम को रूस की सुपुर्दगी में देने से साफ इंकार करते हुए दो टूक कहा है कि उसकी परमाणु सामग्री देश के भीतर ही सुरक्षित रहेगी। इस बीच, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर दोनों देशों के बीच मध्यस्थता प्रयासों को गति देने के लिए तेहरान के दौरे पर हैं, जबकि कतर और पाकिस्तान के माध्यम से अप्रत्यक्ष कूटनीतिक चैनल अभी भी सक्रिय हैं। जहां एक ओर ईरानी अधिकारी वार्ता बहाल करने से पहले अमेरिका से विश्वास बहाली की मांग कर रहे हैं, वहीं व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि आगामी चुनावों से पहले ईरान पर किसी तरह के सैन्य हमले की कोई योजना नहीं है।













