मुंबई, 21 अक्टूबर।
अभिनेता सैफ अली खान और निर्देशक रितेश बत्रा की आगामी पीरियड ड्रामा फिल्म से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के बाहर होने की खबर है। बताया जा रहा है कि उन्हें इस अनाम फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था, लेकिन व्यस्त पेशेवर कार्यक्रमों के चलते वह इसका हिस्सा नहीं बन पाएंगी। फिल्म की शूटिंग 21 अक्टूबर से मुंबई के भायखला स्थित एक संग्रहालय में शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इस प्रोजेक्ट के जरिए पहली बार सैफ और प्रियंका की जोड़ी बड़े पर्दे पर देखने की उम्मीद कर रहे प्रशंसकों को निराशा हो सकती है। खबरों के मुताबिक, प्रियंका फिल्म में काम करने को लेकर उत्साहित थीं, लेकिन उनकी अन्य प्रतिबद्धताओं और शूटिंग की तारीखों के बीच तालमेल नहीं बैठ सका।
बताया जा रहा है कि निर्माताओं ने शूटिंग कार्यक्रम में बदलाव कर प्रियंका को फिल्म से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। इसके बाद अभिनेत्री को परियोजना छोड़ने का फैसला करना पड़ा। अब निर्माता उनकी जगह किसी दूसरी अभिनेत्री को लेने की तैयारी कर रहे हैं। इस भूमिका के लिए दो प्रमुख अभिनेत्रियों से बातचीत किए जाने की जानकारी है और जल्द ही नए नाम पर फैसला हो सकता है। फिलहाल निर्देशक रितेश बत्रा ने सैफ अली खान के साथ फिल्म की शूटिंग आगे बढ़ाने की तैयारी की है। शुरुआती शेड्यूल में सैफ अपने हिस्से की शूटिंग करेंगे। हालांकि, फिल्म की नई अभिनेत्री और अन्य जानकारियों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।










