ऊना, 21 अक्टूबर।
अंब-ऊना मार्ग पर कृष्णा नर्सरी के पास मंगलवार रात हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान अंब तहसील के स्तोथर निवासी योगेश कुमार (19), पुत्र राम प्रकाश, और अमन भाटिया (17), पुत्र वीरबल के रूप में हुई है। हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 10:45 बजे हुई। ऊना से अंब की ओर जा रही बस और अंब से ऊना की तरफ बढ़ रही मोटरसाइकिल के बीच कृष्णा नर्सरी के समीप जोरदार टक्कर हो गई। आरोप है कि बस चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस को विपरीत दिशा में ले जाकर बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस मोटरसाइकिल को घसीटते हुए सड़क के दाईं ओर ले गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों और बस यात्रियों ने घायलों को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बस शिमला से भरमौर जा रही थी। दोनों युवक अंब में रामलीला देखने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
मृतक अमन जमा दो कक्षा का छात्र था, जबकि योगेश ने हाल ही में एक उद्योग में काम शुरू किया था। दोनों के माता-पिता खेतीबाड़ी करते हैं।
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि घटनास्थल और अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर बस चालक विचित्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।













