बिलासपुर, 21 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ सरकार की रामलला दर्शन योजना प्रदेश के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है। इसी योजना के तहत बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के जरिए संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए।
रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा शुरू की। इस धार्मिक यात्रा में अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने का अवसर भी मिलेगा।
विशेष ट्रेन को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, रेलवे और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।














