नई दिल्ली, 21 अक्टूबर।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कुल 8,941 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम श्याम विहार और शहरी विस्तार मार्ग-दो पर होंगे।
इनमें 2,827.11 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 6,114.11 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इन कार्यों का उद्देश्य गंदे पानी के शोधन की व्यवस्था बेहतर करना, सीवर नेटवर्क को मजबूत बनाना और यमुना में प्रदूषण कम करने के प्रयासों को गति देना है।
इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली से सांसद व विधायक उपस्थित रहेंगे।
योजनाओं में ओखला में 1,161 करोड़ रुपये की लागत से 124 एमजीडी क्षमता वाला नया सीवेज शोधन संयंत्र स्थापित करना शामिल है। इसके साथ ही 1,041 करोड़ रुपये खर्च कर आठ सीवेज शोधन संयंत्रों का उन्नयन किया जाएगा।
बाहरी दिल्ली में 3,113.67 करोड़ रुपये की लागत से 29 नए विकेंद्रीकृत सीवेज शोधन संयंत्र और सीवेज पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा 1,691 करोड़ रुपये की लागत से 1,034 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
चंद्रावल में 298.3 करोड़ रुपये की लागत से 477 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र बनाया जाएगा। वहीं, 225.02 करोड़ रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर लंबा मुंडका मुख्य नाला भी परियोजनाओं में शामिल है।














