भंडारा, 21 अक्टूबर।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले के खराशी गांव में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित भोज के बाद करीब 300 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों को उल्टी, जी मिचलाने और दस्त की शिकायत होने लगी। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित लोगों का उपचार शुरू कराया। अस्पतालों में भर्ती सभी 82 मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, खराशी निवासी जितेंद्र बोंद्रे ने मंगलवार रात नवरात्रि के उपलक्ष्य में भोजन का आयोजन किया था। इसमें गांव के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। अगले दिन सुबह कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की जानकारी मिलने पर उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 82 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें 36 महिलाएं शामिल हैं। भंडारा अस्पताल में 11, पलांदूर अस्पताल में 51 और खराशी अस्पताल में 20 मरीजों के उपचार की जानकारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की टीम गांव पहुंची है। अन्य प्रभावित लोगों को भी जरूरत के अनुसार चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
घटना के बाद भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। खाद्य विषाक्तता की आशंका के मद्देनजर संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। हालांकि, लोगों के बीमार पड़ने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।














