कोइची शिओटा कागोशिमा प्रीफेक्चर-इंडिया फ्रेंडशिप एसोसिएशन के कार्यक्रम के तहत भारत आए हैं। बैठक में सनमार्क्स हॉस्पिटैलिटी के मुख्य परिचालन अधिकारी एवं सह-संस्थापक नवनीत सिंह जुनेजा और कोटोबा बिजनेस कंसल्टिंग के मालिक राजेश दास सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए। विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में कारोबारियों के बीच संपर्क मजबूत करने, निवेश की संभावनाओं और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के मुद्दे उठे। जापानी कंपनियों की जरूरतों के अनुसार भारतीय युवाओं को प्रशिक्षित करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय कार्यक्षेत्र के अवसरों से परिचित कराने पर जोर दिया गया।
जापान में विशिष्ट कौशल कर्मी कार्यक्रम के तहत भारतीय युवाओं के लिए उपलब्ध नौकरियों पर भी चर्चा हुई। इस योजना के माध्यम से जापान में काम करने के इच्छुक युवाओं को संबंधित क्षेत्रों के कौशल और पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की जरूरत बताई गई। नोएडा और उत्तराखंड में रोजगार मेले आयोजित करने की योजना को इसी दिशा में एक संभावित कदम माना गया।
सनमार्क्स हॉस्पिटैलिटी के सह-संस्थापक नवनीत सिंह जुनेजा वर्ष 2003 से जापान से जुड़े हैं। उन्हें जापानी भाषा, संस्कृति और कारोबारी तौर-तरीकों का 23 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने 2017 से भारत में अपने कारोबार का विस्तार शुरू किया। उनकी कंपनी आतिथ्य क्षेत्र में सेवाएं देती है और भारत आने वाले जापानी नागरिकों व कंपनियों को आवास सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराती है। वह भारत और जापान, खासकर कागोशिमा के बीच व्यापारिक संबंध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने के प्रयास भी कर रहे हैं।
कोटोबा बिजनेस कंसल्टिंग के मालिक राजेश दास ने दोनों देशों के कारोबारियों के बीच बेहतर संपर्क और दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाओं पर विचार रखे। बैठक में जापान के विभिन्न व्यवसायों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। व्यापार, निवेश, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
वर्ल्ड कनेक्ट एजुकेशन के निदेशक एलएस बेदी ने शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के अवसरों की जानकारी देने और जापान में नौकरी की इच्छा रखने वाले युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया।














